लखीमपुर खीरी/ मैलानी। किसानों के रेल रोको आंदोलन के एलान के बाद सतर्कता बरतते हुए रेलवे ने दो जोड़ी ट्रेनें निरस्त कर दी हैं। जबकि, दो जोड़ी ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट (आधी दूरी तय करना) किया है। उधर, रेलवे ने जीआरपी और आरपीएफ को भी अलर्ट कर दिया है। हालांकि, संयुक्त किसान मोर्चा ने खीरी में रेल रोको अभियान टाल दिया है।
तीन अक्तूबर को हुए तिकुनियां कांड के बाद भाकियू नेता राकेश टिकैत ने मंत्री पुत्र की बर्खास्तगी और उनके पुत्र की गिरफ्तारी की मांग की थी। गृह राज्यमंत्री की बर्खास्तगी न होने से नाराज संयुक्त मोर्चा ने रेल रोको अभियान का एलान किया था। जिस पर सतर्कता बरतते हुए रेलवे ने 18 अक्तूबर को मैलानी-बहराइच व नानपारा रूट पर दो जोड़ी ट्रेनें निरस्त कर दी हैं। जबकि, दो जोड़ी ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। उधर, एक जोड़ी ट्रेन को मैलानी से लखनऊ के बीच चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे के जनंपर्क विभाग गोरखपुर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक सोमवार 18 अक्तूबर को मैलानी-बहराइच व बहराइच-मैलानी, जबकि नानपारा-बहराइच और बहराइच-नानपारा पैसेंजर ट्रेनें निरस्त रहेंगी। वहीं, गोरखपुर-मैलानी गोमती एक्सप्रेस को लखनऊ में शार्ट टर्मिनेट के बाद वापस लखनऊ से ही गोरखपुर रवाना किया जाएगा। इस तरह यह ट्रेन मैलानी से लखनऊ के बीच निरस्त रहेगी। ट्रेन नंबर 05086 लखनऊ-मैलानी पैसेंजर को सीतापुर में शार्ट टर्मिनेट कर वापस 05085 बनाकर सीतापुर से लखनऊ तक चलाया जाएगा। इस प्रकार इस ट्रेन का संचालन मैलानी-सीतापुर के बीच निरस्त रहेगा। इसके अलावा मैलानी से सुबह साढ़े छह बजे चलने वाली ट्रेन नंबर 05387 मैलानी-लखनऊ पैसेंजर और लखनऊ से चलकर शाम साढ़े छह बजे मैलानी पहुंचने वाली ट्रेन नंबर 05388 का संचालन सोमवार को होगा। लेकिन बताया जाता है कि यदि किसान आंदोलन उग्र हुआ, तो इस ट्रेन का संचालन भी बंद किया जा सकता है। इधर, संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से भाकियू जिलाध्यक्ष अमनदीप संधू ने बताया कि रेल रोको आंदोलन लखीमपुर में नहीं चलेगा।
सहायक कमांडेंट की निगरानी में होगा ओयल-मंझरापूरब सेक्शन
मैलानी। आरपीएफ पोस्ट मैलानी का सेक्शन सहायक कमांडेंट की निगरानी में रहेगा। इनके अंतर्गत दो इंस्पेक्टर सहित कुल 57 जवान तैनात रहेंगे। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी विष्णु सिंह ने बताया कि रेलवे विशेष सुरक्षा बल का एक एसआई और 15 जवान आ गए हैं। पूरा सेक्शन दो इंस्पेक्टर, पांच एसआई, चार एएसआई, आठ हेड कांस्टेबिल एवं 38 कांस्टेबिल सहित 57 जवानों की निगरानी में रहेगा। उन्होंने बताया कि सभी हाल्ट एवं स्टेशन पर आरपीएफ जवान मौजूद रहेगें। कुछ जवान सादी वर्दी में रहकर नजर रखेगें। वीडियोग्राफी भी होगी, जिससे रेल संपत्ति को क्षति पहुंचाने वाले चिह्नित किए जा सकें। उन्होंने बताया कि, मैलानी पोस्ट का एरिया 182 किलोमीटर लंबा है। मैलानी-लखनऊ रेलखंड पर ओयल तक 100 किमी और बहराइच रेलखंड पर 82 किमी मंझरापूरब तक है। उन्होंने बताया कि आरपीएफ का थाना मैलानी और एक चौकी लखीमपुर में है।