लखीमपुर खीरी। बाइक राइडर मधुरिम मोहन मिश्र उर्फ मधुर मिश्रा एक बार फिर 12 नंवबर को बिहार, असम, अरुणांचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, सिक्किम की यात्रा पर निकलेंगे। मधुर मिश्रा अपनी बाइक से 8000 किलोमीटर की यात्रा करेंगे।
शहर के मिश्राना मोहल्ला निवासी मधुरिम मोहन मिश्रा बाइक राइडर और ऑनलाइन कंटेट क्रिएटर हैं। यह अब तक अपनी बाइक से 10000 किलोमीटर की यात्रा कर चुके हैं। इसी साल मार्च में उन्होंने लखीमपुर से कन्याकुमारी, कन्याकुमारी से कश्मीर और फिर लखीमपुर तक की यात्रा 37 दिनों में पूरी की थी। अब मधुरिम फिर से लंबी यात्रा पर जाने को तैयार हैं। उनका मिशन अपने कार्यों से लखीमपुर शहर को देश भर में प्रसिद्घि दिलाना है। वह लेह और लद्दाख की यात्रा भी बाइक से कर चुके हैं।
मधुरिम मोहन मिश्र ने बताया कि वह 12 नवंबर को सुबह आठ बजे मिश्राना मोहल्ले से 8000 किलोमीटर की अपनी यात्रा शुरू करेंगे। लखीमपुर से रवाना होने के बाद वह सबसे पहले बिहार फिर असम, इसके बाद नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय सिक्किम और फिर बिहार होते हुए लखीमपुर लौट आएंगे।