लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने लंबित मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को विलोबी मेमोरियल परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान मांगों के समर्थन में आंदोलन को तेज करने की रणनीति बनाई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित संघर्ष नोटिस जिला प्रशासन को सौंपी है।
प्रदेश महासचिव ज्ञानेश शर्मा व जिलाध्यक्ष प्रवीण प्रताप सिंह की अगुवाई में इंजीनियरों ने मांगों को लेकर नारेबाजी की और संघर्ष कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। महासचिव ने प्रारंभिक ग्रेड पे 4800 करने, प्रोन्नत पद के वेतनमान प्रदान करने, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, 30 लीटर पेट्रोल के मूल्य बराबर धनराशि प्रतिमाह वाहन व्यय के रूप में देने, जल निगम में कई माह से लंबित वेतन भुगतान करने, गैर विभागीय कार्यों में ड्यूटी न लगाए जाने आदि की मांगे उठाईं। साथ ही 23 नवंबर को मंडल स्तरीय धरना कार्यक्रम में प्रतिभाग करने पर सहमति बनी। आठ दिसंबर 2021 को लखनऊ मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना करने व समाधान न होने पर 16 दिसंबर से हड़ताल शुरू करने पर विचार किया गया। धरने में सचिव शैलेंद्र कुमार, सुनील कुमार, अमित कुमार, शिवशंकर जायसवाल, अनीता शामिल हुईं। संवाद