लखीमपुर खीरी। पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 मई 2022 कर दी गई है। ई-केवाईसी के माध्यम से लाभार्थी किसानों को अपने आधार व मोबाइल नंबर को अपडेट कराना है। पोर्टल पर अत्यधिक लोड होने से वेबसाइट ठीक ढंग से कार्य नहीं कर रही है। इस कारण से शासन ने समय सीमा बढ़ा दी है।
जनपद में करीब 6.25 लाख पीएम किसान सम्मान निधि प्राप्त करने वाले लाभार्थी किसान हैं। इनमें कुछ किसानों के आधार नंबर मैप हैं लेकिन अधिकांश किसानों के आधार मैप नहीं हैं। शासन ने लाभार्थी किसानों की ई-केवाईसी कराने के लिए 31 मार्च तक समय निर्धारित किया था। इससे कामन सर्विस सेंटर पर ई-केवाईसी कराने के लिए किसानों की भीड़ लगने लगी।
अत्यधिक लोड के चलते वेबसाइट सही ढंग से काम नहीं कर रही है। नतीजतन किसानों को ई-केवाईसी कराने में दिक्कतें आ रही हैं। उप कृषि निदेशक योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी कराने की समय सीमा 22 मई 2022 तक बढ़ा दी गई है। ई-केवाईसी कराने वाले किसानों के खातों में ही सम्मान निधि की किश्त भेजी जाएगी।