गुब्बारा प्रतियोगिता में हिस्सा लेतीं सास-बहू।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
20 अक्तूबर तक 388 उपकेंद्रों पर होंगे आयोजन
लखीमपुर खीरी। परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य महकमा सास, बेटा और बहू सम्मेलन करा रहा है, जिसके तहत 20 अक्टूबर तक 388 उपकेंद्रों पर आयोजन होंगे।
सोमवार को जिले की नौ सीएचसी पर सम्मेलन का आयोजन कर विजेताओं को शगुन किट से सम्मानित किया गया। एसीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि सास, बेटा, बहू सम्मेलन का उद्देश्य परिवार नियोजन को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि इसमें नव दंपती (जिनकी शादी एक साल के भीतर हुई हो), एवं एक वर्ष में हाई रिस्क यानी उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं सहित वह महिलाएं, जिन्होंने अब तक परिवार नियोजन नहीं अपनाया है, जिनके तीन से अधिक बच्चे हैं, जिनका पहला बच्चा दो साल और तीसरा बच्चा तीन साल के अंतर पर हुआ है उन्हें प्रतिभागी बनाया जाएगा।
सोमवार को जिले की सीएचसी फरधान, रमियाबेहड़, कुंभी, फूलबेहड़, पसगवां, मोहम्मदी सहित नौ सीएचसी पर मनाया गया। इसमें 253 लोग शामिल हुए। इस दौरान तमाम प्रतियोगिताएं हुई, जिनके विजेताओं को शगुन किट देकर सम्मानित किया गया।