धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार
आफाक की हत्या मामले में मौके पर मिले साक्ष्य यह तस्दीक करते हैं कि फार्महाउस पर धारदार हथियार से मारने के बाद शव को घसीटकर गन्ने के खेत में डाला गया था। बुधवार सुबह पुलिस को फार्महाउस से गन्ने के खेत तक घसीटने के निशान और वहीं पर कमीज के टूटे बटन मिले थे, जबकि आफाक की चप्पल अलग-अलग जगहों पर पड़ी हुई थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पहले फार्महाउस के अंदर उसकी हत्या की गई और फिर उसके शव को घटनास्थल से घसीटकर करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत में डाला गया। यह भी आशंका जताई जा रही है कि फार्महाउस के अंदर उसे घायल किया गया, फिर हमलावर उसे खींचकर गन्ने के खेत में ले गए और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर मार डाला गया। हालांकि, अभी तक पुलिस न तो आला-ए-कत्ल बरामद कर पाई है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर सकी है।
गोला के सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक के चाचा अतहर खां की तहरीर पर मृतक की दूसरी पत्नी पूनम और कुकरा गांव के छोटू उर्फ नदीम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्दी ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।