घास काटने गई किशोरी की गला रेतकर हत्या करने के मामले में पकड़े गए दोनों युवकों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल लिया। एसओ पसगवां अनिल शाही ने बताया कि हरदोई जिले के रहने वाले दोनों हत्यारोपी एक डीसीएम के चालक और हेल्पर हैं, उन्होंने रेप में असफल होने पर घास काटने वाली दरांती से किशोरी की हत्या करने की बात कबूल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान भेज दिया है।
कस्बा निवासी एक 16 वर्षीय किशोरी शनिवार की सुबह घास काटने गांव से बाहर खेत पर गई थी। काफी देर तक उसके वापस न आने पर परिवार वालों ने खोजबीन की तो उसकी बहन ने खेत में घास के पास खून पड़ा देखकर लोगों को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों के साथ परिवार वालों ने बरनैया गांव में गन्ने के खेत से किशोरी का शव बरामद किया था, जहां भीड़ देखकर गन्ने में छिपकर बैठे दो युवक भागने लगे तो ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। मृतका के चाचा ने पुलिस को तहरीर देकर पकड़े गए हरदोई जिले के थाना और कस्बा बड़ी पिहानी के मोहल्ला कोट निवासी विनोद और मोहल्ला पछाई सरांया निवासी इमरान के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को पसगवां पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान जेल भेज दिया। चौकी प्रभारी यदुनाथ सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों ने बताया कि रेप में असफल रहने पर उन्होंने किशोरी की उसी की दरांती से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद लाश को गन्ने के खेत में छिपाकर पास के खेत में छिप गए थे ताकि अंधेरा होने पर उसका शव नहर में फेक सकें। इससे पहले ग्रामीणों के आने पर दोनों वहां से भागे, लेकिन उन्होंने घेराबंदी करके दोनों को पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के पकड़े जाने के बाद नाराज भीड़ ने पुलिस चौकी पर दोनों को पीटने की भी कोशिश की थी। शनिवार की शाम को पकड़े जाने के बाद दोनों आरोपियों ने खुद को मोहदियापुर के पास दोपहर करीब तीन बजे पलटी डीसीएम का चालक और हेल्पर बताया था। कहा था कि वे हादसे में दो लोगों के घायल होने के बाद डर के मारे खेतों में होकर भाग रहे थे। चौकी प्रभारी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त दरांती रविवार की सुबह खेत से बरामद कर ली गई।
छावनी में तब्दील हुआ गांव
मृतका का रविवार को पोस्टमार्टम के बाद देरशाम शव गांव पहुंचा। इससे पहले ही एहतियातन काफी संख्या में पुलिस फोर्स गांव में तैनात किया गया। कई थानों से पुलिस फोर्स बुलाया गया।
किशोरी से एक आरोपी के थेे संबंध
एसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया है कि आरोपी विनोद का पहले से ही गांव में आना जाना था। घटना वाले दिन विनोद अपने दोस्त इमरान के साथ उससे मिलने खेत पर गया था, जहां दोनों ने रेप का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने दरांती से गला रेतकर हत्या कर दी।