बृहस्पतिवार को पेशी पर कचहरी आए झमपुरवा निवासी इसरत अली को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया था, जिसे अभी तक कोतवाली पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। अपहृत के भाई रिजवान ने नामजद तहरीर देकर अपहरण का आरोप लगाया था इसमें रंजिश के पीछे पत्नी सेे तलाक मामला सामने आया था। कोतवाली पुलिस ने फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव देवरिया में दबिश देकर पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत लिया है। पुलिस की माने तो महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिससे मामले का जल्द ही खुलासा हो जाएगा।
बता दें कि झमपुरवा निवासी इसरत अली की ससुराल फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव देवरिया में थी। पत्नी से तलाक के बाद दोनों पक्षों के बीच मुकदमा चल रहा है, जिसमें बृहस्पतिवार को पेशी पर इसरत अली अपने परिवार सहित कचहरी आया था। आरोप है कि विपक्षियों ने बुलेरो गाड़ी की मदद से इसरत का अपहरण कर लिया था। इसके बाद परिवार वालों ने एसपी से मिलकर फरियाद की थी और फिर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। चार दिन बीतने के बावजूद पुलिस अपहृत युवक को बरामद नहीं कर सकी है। हालांकि एसएसआई रामअवतार यादव ने अहम सुराग हाथ लगने का दावा कर बताया है कि अपहृत युवक खुद ही साजिश रचकर कहीं गायब हो गया है। उन्होंने बताया कि फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव नरी निवासी उस्मान से पूछताछ में अहम जानकारी मिली है, जिसने बताया है कि वह काम करने के लिए प्रदेश से बाहर चला गया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।