मैलानी थाना क्षेत्र के गांव बासुकपुर में हुई घटना
मृतक के भाई ने पत्नी पर जताया हत्या का शक
मैलानी थाना क्षेत्र के गांव बासुकपुर में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक का शव उसी के घर में मिला है, जहां पत्नी और तीन बच्चे साथ रहते हैं। मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए सूचना पुलिस को दी। इसके बाद कुकरा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के ग्राम बासुकपुर निवासी 35 वर्षीय रमेश भार्गव नशे का आदी था। सोमवार की शाम को वह शराब के नशे में धुत होकर घर आया था। इसके बाद पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट की। फिर चारपाई पर सो गया। सुबह वह मृत मिला। चारपाई के आसपास खून बिखरा पड़ा था। उसके सिर पर धारदार हथियार से चोटों के निशान थे। मृतक के भाई हरीश्चंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर घर में मौजूद पत्नी पर हत्या की आशंका व्यक्त की है। हालांकि कारणों के बारे में जानकारी से इंकार किया है। जबकि सत्यवती का कहना है कि शादी के बाद से ही रमेश शराब के नशे में उसे मारता पीटता जरूर था, लेकिन उसने हत्या नहीं की। मृतक अपने पीछे तीन पुत्र करन (13), अरुण (11), कमल (10) और बेटी सात वर्षीय काजल को छोड़ गया है। हत्या की सूचना पाकर सीओ अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे, उन्होंने परिवार वालों से घटना की जानकारी लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
एसओ बृजराज यादव ने बताया कि मृृतक के सिर पर धारदार हथियार से प्रहार के दो निशान मिले हैं। हत्या के कारणों के बारे में जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है, लिहाजा बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।