मायके वालों ने जेठानी, जेठ और सास पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
थाना क्षेत्र के कोढ़ैया गांव में एक महिला ने जेठानी और सास से हुई तकरार से क्षुब्ध होकर गांव के बाहर एक खेत में आम के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। इस मामले में मायके वालों ने सास, जेठानी और जेठ पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मामले में अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
कोढ़ैया निवासी जगदीश प्रसाद की 35 वर्षीय पत्नी मिथलेश कुमारी ने मंगलवार की शाम गांव के उत्तर में एक खेत में आम के पेड़ में साड़ी का फंदा लगाकर फांसी लगा ली। परिवार वालों को इसकी जानकारी काफी देर बाद हुई, जब उधर गए एक ग्रामीण ने शव को लटकते देखा और घरवालों को बताया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को उतरवाकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार को पोस्टमार्टम हुआ। मूड़ाधामू निवासी मृतका के भाई अवधेश कुमार ने बताया उसके जीजा जगदीश प्रसाद तीन भाई है। जगदीश के पिता जगतपाल की मौत हो चुकी है। कुछ जमीन सास के नाम है। उसी जमीन को लेकर उसकी बहन की जेठानी मंजू देवी, जेठ बलभद्र और सास शिवरानी से अक्सर तकरार हो जाती थी। मंगलवार को भी इसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई, जिससे क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगा ली। मृतका के पति जगदीश ने फोन कर मायके वालों को घटना की जानकारी दी। मृतका के पिता वेदनाथ ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है, जबकि पुलिस तहरीर न मिलने की बात कहकर पल्ला झाड़ रही है।
एसओ फरधान रामकुमार यादव के अनुसार मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।