मंगलवार की दोपहर पलिया-निघासन मार्ग पर मोहल्ला टेहरा में महिला से हुए लूट के मामले में नया मोड़ आ गया है। महिला ने शपथपत्र देकर कहा है कि उसके रुपये गिर गए थे जो उसे लौटा दिए गए हैं। वह अब कोई कार्रवाई नहीं चाहती। पुलिस ने शपथ पत्र की पुष्टि करते हुए कहा है कि अभी महिला के बयान दर्ज होना बाकी हैं।
मंगलवार को टेहरा निवासी रामकुमारी ने आरोप लगाया था कि वह बैंक से 50 हजार रुपये निकाल कर रिक्शे से वापस घर जा रही थी कि तभी एक बाइक पर सवार दो लोगों ने उनसे यह रकम छीन ली और निघासन की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में छानबीन की और फिर महिला की तहरीर पर सुशील कुमार और दो अज्ञात के खिलाफ के लूट का मुकदमा दर्ज किया था। बुधवार को महिला ने पुलिस को शपथ पत्र दिया कि उसके रुपये गिर गए थे जो सुशील को मिले और उसने यह रकम वापस कर दी है। वह कोई भी कार्रवाई नहीं चाहती हैं। पुलिस ने भी शपथ पत्र की पुष्टि की है। एसएसआई केएन सिंह के मुताबिक शपथपत्र में महिला ने कहा है कि उसके 50 हजार रुपये गिए थे, जिसे सुशील नाम के व्यक्ति ने घर आकर दे दिए हैं, वह अब वह कोई कार्रवाई नहीं चाहती हैं। एसएसआई ने बताया कि अब महिला के बयान दर्ज होने हैं जो जल्द ही कर लिए जाएंगे।