सदर कोतवाली क्षेत्र के बेल गांव के निकट गन्ना भरी ट्रॉली पलटने से उस पर सवार करीब 15 लोग नीचे दब गए। इसमें एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जख्मी तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी है।
बेल गांव निवासी दिनेश कुमार समीप के गांव कालिकापुरवा स्थित खेत से ट्रॉली में गन्ना लाद कर चीनी मिल जा रहे थे। बताते हैं बेल गांव के ही करीब 15 खेतिहर मजदूर गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार हो गए। गांव से कुछ ही दूर पहले ट्रॉली असंतुलित होकर लहराने लगी। यह देखकर ट्रॉली पर सवार मजदूर ट्रॉली से नीचे कूदने लगे। इस बीच गन्ने से भरी ट्रॉली पलट गई। इसमें लगभग सभी लोग गन्ना भरी ट्रॉली के नीचे दब गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान गांव निवासी हरिनाम के 17 वर्षीय पुत्र लवकुश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं श्रीराम, अनंत, और रमेश जख्मी हो गए। जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया। सूचना के काफी देर बाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।