सुनियोजित तरीके स्कूल से छुट्टी कराने के बाद मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव बंजरिया के रहने वाले किसान जगेंद्र सिंह के इकलौते पुत्र 17 वर्षीय गुरुविंदर सिंह का सोमवार को दिनदहाडे़ अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को फोन करके गुरविंदर की मां की तबियत खराब होने की बात बताते हुए उसे छुट्टी देकर घर भेजने को कहा था। इसके बाद जब छात्र साइकिल लेकर घर के लिए निकला तो रास्ते में एक किलोमीटर आगे अपहरणकर्ता उसे बुलेरो गाड़ी में जबरन बैठाकर फरार हो गए। कई थानों की फोर्स छात्र की तलाश में जुटी, लेकिन देर रात तक उसका कुछ पता नहीं चला।
गुरुविंदर सिंह मूड़ा गालिब स्थित सेंट सोल्जर पब्लिक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। प्रधानाचार्य के मोबाइल फोन पर सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कॉल पहुंची थी। मां की तबियत खराब होने की बात सही मानते हुए प्रधानाचार्य ने गुरुविंदर को छुट्टी दे दी। इसके बाद गुरुविंदर साइकिल से घर के लिए निकल गया। वह जब गोला-मोहम्मदी मार्ग से जुड़ने वाले लिंक मार्ग पर स्कूल से करीब एक किलोमीटर आगे दूल्हापुर मोड़ पर पहुंचा तो सामने से सफेद रंग की एक बुलेरो गाड़ी आई। उसमें से उतरे दो लोगों ने गुरुविंदर को दबोच लिया और गाड़ी में बैठाने के बाद पिपरिया कप्तान की ओर भाग निकले। छात्र को जबरन बैठाता देखकर खेतों में काम करने वाली महिलाओं ने शोर मचाया। इस पर आसपास मौजूद युवकों ने तीन-चार बाइक से बुलेरो का पीछा करना शुरू किया। कुछ ही देर में बुलेरो गाड़ी ओझल हो गई तो ये युवक अलग-अलग मार्ग पर खोजते रहे। पांच-पांच किलोमीटर तक पीछा करने के बावजूद बुलेरो गाड़ी नहीं दिखी। इसके बाद स्कूल को खबर दी गई तो पता चला कि गुरुविंदर का अपहरण किया गया है। घर वालों ने जानकारी मिलने पर पुलिस को जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एक मोबाइल फोन और छात्र की साइकिल बरामद की। मोहम्मदी थाना पुलिस की सूचना पर शाहजहांपुर के खुटार, पुवायां और बंडा पुलिस ने नाकेबंदी कर दी, मगर बोलेरो गाड़ी हाथ नहीं आई। बदमाश छात्र सहित निकल भागने में कामयाब रहे। बुलेरो गाड़ी खुटार के गांव लौहंगापुर तक देखा जाना बताया गया है। माना जा रहा है बदमाश यहां से पीलीभीत निकल गए हैं। उधर, घटना की जानकारी पाकर एसपी अरविंद सेन, सीओ एसी श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। इसके बाद एसपी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बाद में पुलिस ने रेहरिया पुलिस चौकी में घर वालों से जानकारी ली। कुछ सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर पुलिस तहकीकात कर रही है।
एसपी अरविंद सेन ने बताया कि घटनास्थल पर एक मोबाइल फोन मिला है, जो अपहरणकर्ताओं का है। छात्र और अपहरणकर्ताओं की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। इसके अलावा अन्य स्रोतों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।