19 नवंबर को रोडवेज बस रवाना हुआ था बरेली, गुरुवार को परिवार वालों को मिली जानकारी
19 नवंबर को रोडवेज की बस से बरेली जाते समय लापता हुआ शिक्षक बेहोशी की हालत में गोला के पास मिला, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिक्षक विवेक मिश्रा की तैनाती रमियाबेहड़ ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय गोसाइनपुरवा में है, वह रमियाबेहड़ में किराए के मकान में रहता है। उसके घर न पहुंचने पर चिंतित परिवार वालों ने कई दिनों तक तलाश की और पुलिस को सूचना भी थी। बृहस्पतिवार को परिवार वाले शिक्षक के बेहोशी की हालत में मिलने की जानकारी मिलते पर जिला अस्पताल पहुंचे। अर्ध मूर्छित हालत में शिक्षक ने कुछ लोगों के जबरन नशीला पदार्थ खिलाकर पीटने के बारे में बताया।
प्राथमिक विद्यालय गोसाइनपुरवा में तैनात शिक्षक विवेक मिश्रा मूल रूप से बरेली के सनराइज कॉलोनी निवासी है। शिक्षण कार्य के लिए वह रमियाबेहड़ में किराए के मकान में रहता है। 19 नवंबर 2016 को वह अपने घर बरेली जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हुआ था, जिसके बाद घर नहीं पहुंचा। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई पर नहीं हो सकी। इससे परिवार परेशान हो उठे। पुलिस को सूचना दी गई। उधर, गोला गोकर्णनाथ के पास 21 नवंबर को शिक्षक बेहोशी की हालत में पड़ा देखकर किसी ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। तब से शिक्षक लावारिस हालत में जिला अस्पताल में भर्ती था। बृहस्पतिवार को किसी तरह परिवार वालों को शिक्षक विवेक मिश्रा के जिला अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली तो पत्नी सुनीता मिश्रा समेत परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंचे। इलाज कर रहे डॉक्टर के मुताबिक शिक्षक को कोई विषैला पदार्थ खिलाया गया है, जिससे मुंह में छाले भी पड़ गए हैं। पत्नी सुनीता मिश्रा ने बताया कि होश में आने पर पति ने बताया कि कुछ लोगों ने अगवा कर लिया था और विषैला पदार्थ खिलाने के बाद पिटाई की। इसके बाद वह बेहोश हो गया। शुक्रवार की दोपहर के बाद डॉक्टरों ने शिक्षक को बरेली के लिए रेफर कर दिया। पुलिस इस मामले में जांच के बाद ही कुछ बताने की बात कह रही है क्योंकि घटना और कारणों को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है।