शारदा नदी के पुल से एक नवविवाहिता ने छलांग लगा दी और देखते ही देखते वह नदी में कहीं ओझल हो गई इससे वहां अफरातफरी मच गई और लोगों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसओ पलिया, एसओ भीरा और सीओ पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने फौरन ही पीएसी के गोताखोरों और स्टीमर को मंगवा लिया। वे नवविवाहिता की तलाश में जुटे हैं।
थाना भीरा के गांव ढखिया खुर्द भानपुर के सालिगराम की पुत्री रोहिनी (25) का विवाह बीते छह माह पूर्व पलिया के ग्राम लालपुर ढाका निवासी गोविंद किसान संग हुआ था। रोहिनी सुबह अपने भाई गेंदन के साथ बाइक पर बैठकर अपनी ससुराल लालपुर ढाका जा रही थी। इस दौरान शारदा पुल पर उसने चप्पल गिरने की बात कहकर बाइक रुकवा और उसका भाई गेंदन बाइक खड़ी कर चप्पल उठाने गया था। इसी बीच रोहिनी ने शारदा नदी में छलांग लगा दी। यह देखकर भाई गेंदन ने सूचना घर और पुलिस को दी। सूचना पाकर सीओ रामआसरे सिंह, एसओ कुंवर प्रभात सिंह, एसओ भीरा बृजराज यादव मय दलबल के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने फौरन पीएसी के गोताखोरों की टीम को मय स्टीमर बुला लिया। गोताखोरों और स्टीमर से नवविवाहिता की तलाश शुरु कर दी। मौके पर सभी अधिकारी जमे रहे और तलाश जारी थी। इस दौरान लोगों की भीड़ भी वहां जमी थी।
छलांग लगाने के कारणों का पता नहीं
नव विवाहिता द्वारा नदी में लगाई गई छलांग के कारणों पर अभी पर्दा पड़ा है। अभी इसकी मुख्य वजह नहीं पता चल पाई है कि उसने छलांग क्यों लगाई। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश पूरी होने के बाद कारणों का पता किया जाएगा।