शहर से सटे कस्बा लालपुर में अवैध रूप से गर्भपात करने के मामले में पकड़ी गई झोलाछाप महिला डॉक्टर लक्ष्मी निवासी भंसड़िया पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने सोमवार को उसका चालान कर दिया। उधर पुलिस ने सीएमओ और जिला महिला अस्पताल की सीएमएस के बयान लिए तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
शहर कोतवाल शिवशंभू किशोर जायसवाल ने बताया कि झोलाछाप महिला डॉक्टर लक्ष्मी को लालपुर में स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ दबिश देकर अवैध रूप से एक युवती का गर्भपात करते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया था। जिसके बाद सीएमओ की तहरीर पर लक्ष्मी के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। सोमवार का लक्ष्मी का पुलिस ने चालान कर दिया। उधर जांच अधिकारी पीएन यादव ने शनिवार को सीएमओ कार्यालय आकर गिरफ्तार की गई महिला लक्ष्मी के विरुद्ध साक्ष्य मांगे। सूत्रो की मानें तो पुलिस को सीएमओ ने बताया है कि मौके से उन्हें आपरेशन टेबिल, भ्रूण हत्या करने वाले यंत्र तथा अन्य सामग्री मिली है। पुलिस ने गर्भपात कराने के दौरान हालत बिगड़ने पर उपचार करने वाली डॉक्टर तथा महिला अस्पताल की सीएमएस के बयान भी लिए। हालांकि इस संबंध में सीएमओ ने पुलिस को क्या बयान दिए हैं यह बताने से इनकार किया लेकिन उन्होंने यह स्वीकार किया कि पुलिस के लोग आए और उनसे बयान लिए हैं। सीएमओ ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है अब पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई करेगी।