चौपहिया वाहनों से आए थे हमलवार
पीड़ित ने लगाया अपहरण के प्रयास का आरोप
तीन वाहनों में डिप्लोमा संघ की कैप लगाकर आए कुछ लोगों ने सिंचाई विभाग के जेई और बैराज प्रभारी शिव नारायन मौर्या को दौड़ा दौड़ा कर पीटा और अपहरण कर ले जाने का प्रयास किया। लोगों के मौके पर आ जाने से आरोपी चेतावनी देकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बैराज प्रभारी और सिंचाई विभाग के जेई शिवनारायन मौर्य ने बताया कि सोमवार वह ऑफिस में बैठकर कार्य निपटा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे डिप्लोमा संघ की कैप लगाए कुछ लोग ऑफिस आए और उन्हें बाल पकड़कर घसीटते हुए फील्ड में ले गए। वहां पहले से मौजूद कई लोगों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। आरोप है कि कुछ हमलावरो ने उन्हें जबरन गाड़ी मे लादकर अपहरण करना चाह रहे थे, लेकिन चीखपुकार सुनकर अन्य विभागीय कर्मियों के साथ तमाम लोग मौके पर पहुंच गए, जिस पर हमलावर वाहनों में सवार होकर भाग निकले। आरोप है कि भागते समय हमलावर जान माल की धमकी भी दे गए। पीड़ित जेई ने फौरन अधिशासी अभियंता दुष्यंत कुमार को जानकारी दी। उनकी सूचना पर चौकी इंचार्ज अरविंद राय मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हमलावरों की तलाश की पर मौके पर कोई आरोपी नहीं मिला। चौकी इंचार्ज अरविंद राय ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द ट्रेस कर कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित जेई शिवनारायन ने पुलिस को बताया कि 21 अक्तूबर को कुछ लोग उनके आवास पर आए थे और हड़ताल मे शामिल होने की बात कही थी। बात न मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी।
अधिशासी अभियंता दुष्यंत कुमार ने हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना को लेकर विभागीय व बैराज कर्मियों में रोष है।