मैगलगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में चार दिन से लापता 14 वर्षीय किशोरी की हत्या कर शव को अपने ही घर के आंगन में दफना देने के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर पड़ोसी युवक मदन के खिलाफ हत्या कर शव गायब करने का मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं हापुड़ कार्यालय के अनुसार घटना को अंजाम देकर गांव से फरार हुए आरोपी युवक को हापुड़ में मेरठ रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसओ मैगलगंज आनंद शाही के मुताबिक परिवारीजनों के दुराचार की आशंका व्यक्त करने के बाद तीन डॉक्टरों के पैनल ने किशोरी के शव का पोस्टमार्टम किया। यह भी बताया कि मदन के हापुड़ में गिरफ्तार होने की जानकारी मिली है, उसको लखीमपुर लाने के लिए मैगलगंज पुलिस यहां से रवाना कर दी गई है।
देर रात एसपी अरविन्द सेन ने बताया कि पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई है, दुराचार की पुष्टि के लिए स्लाइड जांच को भेजी जा रही है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी चार दिन पहले गांव में रह रहे चाचा के घर खाना देने गई थी, लेकिन रास्ते से ही लापता हो गई। चौथे दिन उसका शव पास में ही रहने वाले युवक के आंगन में खोदे एक गड्ढे से बरामद किया गया था।