पसगवां थाना क्षेत्र के गांव मकसूदपुर में सड़क निर्माण में लगे मजदूरों की पिटाई के मामले में पुलिस ने दूसरे दिन क्रास रिपोर्ट दर्ज करते हुए सांसद पक्ष के ब्लाक प्रमुख पसगवां समेत तीन लोगों को नामजद किया है। इधर सांसद धौरहरा रेखा वर्मा ने इस कार्रवाई को सत्तापक्ष के दबाव में होना बताया है।
मालूम हो कि मकसूदपुर सांसद धौरहरा रेखा वर्मा का गांव है। गांव में क्षेत्र पंचायत से आरसीसी सड़क के निर्माण के दौरान रविवार को सपा कार्यकर्ता प्रवीण पटेल का विवाद हो गया था। मामले में सांसद रेखा ने विरोध जताते हुए कई राउंड एसपी से वार्ता की थी और थाने का घेराव करने तक की रणनीति बना ली थी। सांसद के गुस्से को देखकर पुलिस ने सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार रामचंद्र की तहरीर पर सपा के प्रवीण पटेल और उनके पिता आशाराम पर एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इधर सोमवार को पुलिस ने मामले में प्रवीण पटेल की तहरीर पर सांसद पक्ष के पसगवां के ब्लाक प्रमुख रामस्वरूप गौतम, मजदूर गुड्डू और विपिन के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की नीयत से फायर करने की क्रास रिपोर्ट दर्ज कर ली।
सांसद-धौरहरा रेखा वर्मा ने बताया कि सत्तापक्ष के लोगों ने विद्वेष की राजनीति करते हुए उनके पक्ष पर फर्जी रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस ने मामले को वापस नहीं लिया तो वह कार्यकर्ताओं संग बैठक कर अन्याय के खिलाफ संघर्ष छेड़ देंगी।