कोतवाली क्षेत्र के मौल्ही जुगनूपुर में पड़ोसी ठेकेदार के साथ मजदूरी करने महाराष्ट्र गए युवक ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ओवरटाइम करते समय उसका हाथ कट गया। इसके बाद भी उसे मजदूरी का पैसा नहीं दिया गया।
गांव के रमजान ने बताया कि वह अपने पड़ोसी ठेकेदार के साथ मजदूरी करने महाराष्ट्र के ऐवत में गन्ना कोल्हू पर गया था। ओवरटाइम करते समय 25 जनवरी की रात कोल्हू में फंसने से उसका हाथ कट गया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश आने पर जब रमजान ने घर जाने की बात कही और 163 दिन के काम की मजदूरी 48,900 रुपये मांगी तो कोल्हू मालिक ने ठेकेदार को 32 हजार रुपये देकर घर भेज दिया। शेष मजदूरी दोबारा काम करने आने पर देने का वादा किया। आरोप है कि ठेकेदार ने घर पहुंचने पर पैसा देने से मना कर उसकी पिटाई की और भगा दिया। कोतवाल नंदजी यादव ने बताया कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।