शहर के मोहल्ला गढ़ी रोड स्थित अग्निहोत्री नगर में जहरीला पदार्थ खाने से कुछ देर के अंतराल में तीन गोवंशीय पशुओं की मौत हो गई है। पशु स्वामी ने जानबूझकर जहरीला पदार्थ खिलाने की आशंका जताते हुए अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं तीन पशुओं की मौत से मोहल्ले के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। कोतवाली पुलिस ने आनन-फानन में तीनों मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें डाक्टर ने बिसरा प्रिजर्व किया है।
मोहल्ला अग्निहोत्री नगर निवासी कमल तिवारी की एक गाय शुक्रवार की शाम अचानक बीमार हो गई, जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद एक और गाय बीमार हुई, तो उसका इलाज शुरू हुआ लेकिन कुछ घंटे बाद उसने भी दम तोड़ दिया। इसी तरह एक और बैल की मौत हो गई। इसकी जानकारी लगते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई।
लोगों में पनपते आक्रोश को भांपकर पुलिस ने शुक्रवार रात में ही तीनों गोवंशीय पशुओं के शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शवों को दफन करा दिया गया। पशु स्वामी कमल तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पशुओं को जहर देकर मारने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विवेचक मिश्राना चौकी इंचार्ज राजबली सिंह ने बताया कि जिस स्थान पर पशुओं ने फेंकी सामग्री खाई थी, वहां पर कुछ खराब गेहूं मिला था। उसे साफ करा दिया गया। उन्होंने गेहूं में रखी जाने वाली दवा के चलते इस हादसे की आशंका जताते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। बिसरा रिपोर्ट आने पर मौत का असल कारण सामने आ सकेगा।