मकान मालिकों को गन प्वाइंट पर लेकर दो घरों में लूटपाट
सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र में पुलिस पर अपराधी हावी हैं। गांव कोरई के दो घरों में लूटपाट की घटना को दो दिन भी नहीं बीत पाए थे कि रविवार की रात बदमाशों ने सिकंद्राबाद में धावा बोल दिया। बदमाश पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर स्थित व्यापारी गनी और परमेश्वरदीन के घरों में घुस गए। मकान मालिकों को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया और नकदी-जेवर समेत करीब दो लाख रुपये का सामान लूट ले गए।
कस्बा निवासी गनी की पेस्टीसाइड की दुकान हैं, जबकि परमेश्वरदीन कपडा व्यापारी हैं। दोनों के मकान पुलिस चौकी सिकंद्राबाद से करीब दो सौ मीटर दूर मोहम्मदी रोड पर एक पास हैं। पेस्टीसाइड व्यापारी गनी ने बताया कि रात करीब 12 बजे बदमाश उनके घर घुसे। गेट पर सो रहे पुत्र तामिल को पहले गन प्वाइंट पर लिया। बाद में परिवार के सभी सदस्यों को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी भी दी। बदमाशों ने घर में पिटाई कर दहशत फैलाई। बाद में सभी को बांधकर एक कमरे में बैठा दिया। एक बदमाश तमंचा तानकर खड़ा रहा, जबकि एक बदमाश दरवाजे पर खड़ा था। शेष बदमाशों ने घर में रखी सेफ, बक्से आदि में रखा सामान खंगाल लिया। बदमाशों ने घर में रखी 90 हजार रुपये की नकदी, जेवर समेत करीब डेढ़ लाख का सामान बटोर लिया। दो बदमाश उन लोगों पर तमंचा ताने खड़े रहे, जबकि अन्य बदमाश पड़ोसी परमेश्वरदीन के घर में घुस गह। यहां पर भी बदमाशों ने परिवार के सभी लोगों को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया और कमरे में बंद कर लूटपाट करने लगे। बदमाश परमेश्वरदीन के घर से नौ हजार रुपये की नकदी समेत करीब 50 हजार का सामान लूट लिया और भाग निकले। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नीमगांव पान सिंह, चौकी प्रभारी केके यादव ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से घटना के बाबत जानकारी ली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। एसपी ने घटना के खुलासे के लिए स्वॉट और सर्विलांस टीम को भी लगाया है।
सायरन सुनकर भागे बदमाश
कस्बा निवासी पीड़ित परमेश्वरदीन ने बताया कि जब बदमाश उनके घर में लूटपाट कर रहे थे। उसी दौरान हूटर बजाते हुए कोई वाहन निकला। हूटर की आवाज सुनकर बदमाश भाग निकले। भागते समय बदमाशों ने लूटे गए मोबाइल भी घरों के पीछे फेंक दिए। बदमाशों के जाने के बाद उन लोगों ने शोर शराबा मचाया और सूचना पुलिस को दी। सूचना पर चौकी पुलिस भी मौके पर आई थी।
बैंक चोरी, कोरई में लूटपाट से भी नहीं लिया सबक
14 दिसंबर को बदमाशों ने जिला सहकारी बैंक शाखा सिकंद्राबाद में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इससे दो दिन पहले अशोक कुमार के कोल्हू और मेराज की दुकान में चोरी की कोशिश की थी। शुक्रवार की रात चोरों ने गांव कोरई के दो घरों में धावा बोलकर नकदी-जेवर समेत दो लाख का मॉल बटोर से ले गए थे। खास बात यह है कि कोरई की घटना को छोड़कर अन्य सभी घटनाएं जिला सहकारी बैंक के पांच सौ मीटर के दायरे में हुईं, लेकिन फिर भी पुलिस ने कोई सतर्कता नहीं बरती। इतना ही नहीं पुलिस ने कोरई में हुई घटना की रिपोर्ट तक भी नहीं दर्ज की है।
वादी ने रात में चौकी इंचार्ज को बताया था कि बदमाश घुसे थे, लेकिन सामान नहीं ले जा सके हैं, लेकिन सुबह बताया कि बदमाश नकदी और जेवर भी लूट ले गए हैं। पीड़ितों की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
- पान सिंह प्रभारी निरीक्षक, थाना नीमगांव