संपूर्णानगर चीनी मिल में अधिकारियों से बात करते कर्मचारी संघ के पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
संपूर्णानगर (लखीमपुर खीरी)। कस्बा स्थित किसान सहकारी चीनी मिल परिसर में शनिवार सुबह मिल के ही एक सुरक्षा गार्ड का शव फंदे से लटकता मिला। उसकी पैंट की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या की बात की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूल रूप से सिकटिहा लखीमपुर निवासी और करीब 25 वर्षों से संपूर्णानगर चीनी मिल में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात विनोद कुमार का शव सुबह कर्मचारियों ने मिल परिसर में फंदे से लटकता देखा। सूचना के बाद पुलिस के साथ मिल के जीएम आजाद भगत सिंह भी अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान वहां पहुंचे कर्मचारी संघ के प्रवीण सिंह और सत्यप्रकाश सिंह समेत काफी संख्या में कर्मचारियों ने कागजी कार्रवाई और एक परिजन को नौकरी देने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद जीएम ने फोन पर डीएम से वार्ता की। साथ ही मौखिक रूप से परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया, तब जाकर शव को नीचे उतारा गया और पुलिस पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
-
सुसाइड नोट में लिखा-बच्चों अब मम्मी ही तुम्हारे पापा हैं
सुरक्षा गार्ड विनोद कुमार की जेब से जो सुसाइड नोट मिला है, उसमें बच्चों के नामों का उल्लेख करते हुए उसने लिखा है कि आज से तुम्हारी मम्मी ही पापा हैं। जाने के बाद रोना नहीं और मम्मी को भी मत रोने देना। तीन महीने से शरीर काफी कष्ट से गुजर रहा है। खाना पीना भी छूट चुका है। बीमारी के कारण यह कदम उठा रहा हूं। अब आप लोग अपनी मां के सपनों को पूरा करोगे। उन्होंने अपने साथी सुरक्षाकर्मियों से भी माफी मांगी है।
-
वर्जन
सूचना मिली थी कि गार्ड ने आत्महत्या कर ली है, जिससे पूरा चीनी मिल प्रशासन स्तब्ध है। मौके पर जाकर देखा। गार्ड की जेब से सुसाइड नोट मिला है जो उसी की ही राइटिंग में है। परिजन को सूचना दे दी गई है।
-आजाद भगत सिंह, प्रधान प्रबंधक, किसान सहकारी चीनी मिल संपूर्णानगर