लखीमपुर खीरी। शासन ने 14 फरवरी सोमवार से रेस्टोरेंट, होटल, सिनेमा हाल और जिम पूरी क्षमता से खुलने के निर्देश दिए हैं। हालांकि संचालकों को कोविड हेल्प डेस्क बनाकर कोविड प्रोटोकॉल के नियमों का पालन करने और कराने के निर्देश दिए हैं। अपर मुख्य सचिव ने इसका आदेश भी जारी कर दिया है। इसको लेकर इनके संचालकों में खुशी की लहर है। इनका कहना है कि सरकार के इस निर्णय से मंदी के दौर से गुजर रहे कारोबार को गति मिलने लगेगी। फिलहाल, स्वीमिंग पूल पर अभी ताला ही रहेगा।
प्रदेश से लेकर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी आने लगी है। इसको लेकर योगी सरकार ने कोरोना को लेकर होटल, सिनेमा हाल, रेस्टारेंट एवं जिम आदि पर लगी पाबंदियों को हटाने का निर्णय लिया है। इसके लिए नई गाइड लाइन भी जारी कर दी है। इसके मुताबिक 14 फरवरी से रेस्टोरेंट, होटल, सिनेमा हाल और जिम पूरी क्षमता से खुल सकेंगे। इसको लेकर कारोबारियों में बेहद खुशी है। इनका कहना है कि जब से कोरोना आया है तब से कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हो गया। मगर, अब पूरी क्षमता से खुलने से काम धंधा को बेहतर गति मिल सकेगी।
कोविड हेल्प डेस्क के साथ स्क्रीनिंग की करना होगा इंतजाम
जारी गाइडलाइन के अनुसार सिनेमा घर, जिम, रेस्टोरेंट एवं होटल में कोविड हेल्प डेस्क स्थापित करने के साथ वहां पर आने वालों की स्क्रीनिंग कराने की व्यवस्था करनी होगी। साथ सही बिना मास्क प्रवेश प्रतिबंधित करना होगा।
शिवम रेस्टोरेंट के मालिक कदम रिषि नागर बताते हैं कि शासन का निर्णय है, क्योंकि कोरोना संक्रमण की रफ्तार बेहद धीमी हो चुकी है। पिछले कुछ दिन से जिले में भी संक्रमितों की संख्या कम हो गई है। इसलिए कोरोना की पाबंदियों का हटना उचित है।
होटल कंर्फट इन के मालिक विवेक कपूर का कहना है कि कोरोना ने होटल कारोबार को तो पूरी तरह से चौपट करके रख दिया था। काम धंधा पूरी तरह प्रभावित रहा। संख्या सीमित जरूर थी, लेकिन खर्च कम नहीं हुए थे। पूरी क्षमता से खुलने पर होटल कारोबार से मंदी के बादल छटेगें।
जिम संचालक हिमांशु अंजाना ने बताया कि संक्रमण की रफ्तार बेहद कम हो गई है। बाजार आदि भी पूरी तरह से खुल रहा है। ऐसे में जिम भी खुलने चाहिए थे। हालांकि शासन के निर्देश पर अब जिम खुलने लगेगें। इससे काफी राहत मिलेगी।
आनंद सिनेमा के मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि सिनेमा कारोबार पहले से ही गर्दिश में था। मगर, कोरोना ने इसे और चौपट करके रख दिया। दो साल से तो सिनेमा घर पूरी तरह से बंद ही है। अब बंदिश हटने से कारोबार जीवित हो उठेगा।