बिजुआ में चलती बस बनी आग का गोला
- फोटो : LAKHIMPUR
बिजुआ। बिजुआ कस्बे में शाम करीब पौने चार बजे उस समय सड़क पर भगदड़ मच गई जब एक चलती हुई बस आग का गोला बन गई और रोड पर ही धू-धूकर जलने लगी। शनिवार को लखीमपुर पलिया प्राइवेट बस यूनियन की एक बस लखीमपुर से 2 बजकर 36 मिनट पर सवारियां भरकर पलिया के लिए चली और पौने चार बजे बिजुआ पहुंचते ही इंजन में आग लग गई।
ड्राइवर ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बस रोक दी और सवारियों को बस से उतर जाने के लिए कहा। दहशत में आईं सवारियां भी बस से जल्दी जल्दी उतर गईं। कस्बे के अंदर बस में आग लगने से लोगों ने बाल्टियों से पानी डालना शुरू कर दिया। घटनास्थल से 100 मीटर दूर चौकी पर मौजूद बिजुआ चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों तरफ यातायात रुकवाकर आग बुझाने का प्रयास करने लगी।
दुकानदार भी दुकानें बंद कर आग बुझाने में जुट गए। आग लगने से पूरी बस जल गई। यात्रियों के अनुसार बस जब लखीमपुर से चली थी तभी इंजन में कुछ गड़बड़ी लग रही थी। रास्ते में दो तीन जगह ड्राइवर ने बस रोककर सही करने का प्रयास भी किया। बस में लगभग पच्चीस से तीस यात्री थे, जो सभी सकुशल बच गए। आग लगने से रोड पर दोनों तरफ लगभग चालीस मिनट तक जाम लगा रहा जिससे वाहनों की लंबी लाइनें लग गई।