चोरी के आरोपित को बंधक बनाने का वीडियो वायरल
गांव वालों ने पुलिस को सौंपा था, पुलिस ने छोड़ दिया
एसओ ने कहा-तहरीर के मुताबिक की जाएगी कार्रवाई
पिपरा बाजार (कुशीनगर)। मड़रा बिंदवलिया गांव के एक घर में चोरी के आरोप में पकड़े गए एक शख्स की लोगों ने पिटाई कर दी। इसके बाद काफी देर तक बंधक बनाए रखा। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया। आरोपित के बंधक बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के मड़रा बिंदवलिया गांव के लंगड़ी टोला निवासी शैलेश चौहान के घर में 16 जनवरी की रात एक शख्स चोरी के आरोप में पकड़ा गया था। आरोप है कि वह घर में घुसकर पेटी का ताला तोड़ रहा था, तभी गृहस्वामी शैलेश की नींद खुल गई। उन्होंने उसे पकड़कर शोर मचाया तो गांव के लोग एकत्र हो गए। गांव के लोगों ने उसे रस्सी से बांधकर पिटाई कर दी। इसके बाद 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस आरोपित को थाने ले गई। शैलेश ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि आरोपित को थाने लाकर पुलिस ने छोड़ दिया। इस संबंध में प्रभारी एसओ रामनारायण दूबे ने बताया कि तहरीर के अनुसार कार्रवाई होगी।