चोरी की पंपिंगसेट के साथ तीन गिरफ्तार
डेढ़ महीने से पिकअप के जरिए होती थी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी पुलिस ने शुक्रवार को चोरी के तीन पंपिंगसेट और चोरी में प्रयुक्त पिकअप के साथ तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पुलिस चोरी के सामान को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।
डेढ़ महीने से तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के विभिन्न गांवों में पिकअप से पंपिंगसेट चोरों का गिरोह सक्रिय था। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे एसआई अवधेश सिंह, गड़हिया मोड़ पर वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक पिकअप आता दिखा। उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसमें चोरी के तीन पंपिंग सेट बरामद हुए। इस दौरान पिकअप में सवार तीन लोग पकड़ लिए गए। पूछताछ में इन व्यक्तियों ने बताया कि पिकअप से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। पकड़े गए इन व्यक्तियों में तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के भलुही निवासी मनोज यादव, सोबराती अंसारी और राजेश प्रसाद हैं। तुर्कपट्टी थाने के प्रभारी एसओ डीके गौतम ने बताया कि आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।