122 सचिवों को नोटिस, कार्रवाई का निर्देश
26 जून को हुआ था स्थानांतरण, अभी तक नहीं किया चार्ज हस्तांतरित
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना/जटहां बाजार। स्थानांतरण होने के बाद भी अभी तक चार्ज नहीं देने वाले 122 सचिवों को डीपीआरओ ने सोमवार को नोटिस भेजकर चार्ज देने का निर्देश दिया है। डीपीआरओ ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों में कार्रवाई पूरी नहीं हुई तो संबंधित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। नोटिस जारी होने के बाद सचिवों में हड़कंप मचा है।
डीएम के निर्देश के बाद पिछले महीने 26 जून को तीन वर्ष पूरा कर चुके सचिवों का एक साथ स्थानांतरण दूसरे ब्लॉकों में कर दिया गया था। लेकिन स्थानांतरित सचिवों ने अभी तक अपना चार्ज हस्तांतरित नहीं किए हैं। इस लापरवाही के कारण गांव में विकास कार्य ठप है, तो दूसरी तरफ परिवार रजिस्टर की नकल के लिए लोग परेशान हो रहे हैं। सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि गांव में पिछले कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का कोई लेखा-जोखा भी नए सचिवों के पास उपलब्ध नहीं है। समीक्षा बैठक में समस्या आने के बाद डीपीआरओ अभय यादव ने नाराजगी जताई और सोमवार को 122 सचिवों को नोटिस भेज दिया। विशुनपुरा ब्लॉक में भी यही लापरवाही है। यहां लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। इस बाबत डीपीआरओ अभय यादव ने चेतावनी दी है कि चार्ज हस्तांतरित करने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।