प्रदेश में फिर भाजपा सरकार बनाने के लिए हुआ मंथन
कसया (कुशीनगर)। भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को पुराना फाजिलनगर मार्ग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के सभागार में हुई। इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र ने की। इस दौरान प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने के लिए चिंतन- मंथन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। जिला कार्य समिति की इस बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी अनूप गुप्ता ने कहा कि वर्ष 1980 में छह अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिक संगठन की स्थापना की गई थी। दो सीटों से आरंभ हुई यह पार्टी आज एक विशाल वटवृक्ष के रूप में स्थापित हो चुकी है। भाजपा के 11 करोड़ से अधिक सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि जिस नीति-सिद्धांत के बल पर भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी, आज भी वही सिद्धांत व विचारधारा कायम है।
उन्होंने बताया कि भाजपा एकात्म मानववाद और अंत्योदय के संदेश का वाहक है। भाजपा अपनी राष्ट्रनिष्ठा, सिद्धांतों और विचारधारा के बल पर देश व प्रदेश में सुशासन देने वाली सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की बदौलत फिर से सूबे में भाजपा की सरकार बनाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार निचले पायदान तक लोगों को सीधा लाभ देने का कार्य कर रही है। अब जिसका जितना अधिकार व हक है, उसको उतना सरकार द्वारा सहयोग मिल रहा है। ऐसे में जनता के बीच सरकार की विश्वसनीयता कायम है तथा इसी विश्वसनीयता के बल पर 2022 में फिर योगी सरकार बनेगी।
विशिष्ट अतिथि भूमि विकास बैंक के प्रदेश सभापति और जिले के प्रभारी संतराज यादव ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार पार्टी के लक्ष्य को साकार कर गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिकों, वंचितों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ बहुत से षड्यंत्र हुए। पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर लंबे संघर्ष के बाद पार्टी ने गौरवशाली इतिहास रचा है। भाजपा राजनीतिक सत्ता का सुख भोगने का साधन नहीं है, बल्कि भाजपा के लिए राजनीति सेवा का एक माध्यम है। इसके पहले उन्होंने पदाधिकारियों के बारे में जानकारी ली। संचालन जिला महामंत्री संतोष दत्त राय ने किया।
जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र ने कहा जनता में भाजपा की लोकप्रियता दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण पंचायत चुनाव में देखने को मिला है।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, पवन केडिया, जटाशंकर त्रिपाठी, पूर्व विधायक दीपलाल भारती, गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अतुल सिंह, डॉ. पीके राय, मदन गोविंद राव, क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री सत्येंद्र मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही, जगदंबा सिंह, लल्लन मिश्र, अखिलेश मिश्र, ज्ञानेंद्रलाल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख विशाल सिंह, विजय राय, शशांक दुबे, विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, विवेकानंद पांडेय, अवधेश प्रताप सिंह, नपा अध्यक्ष हाटा मोहन वर्मा, विजय शुक्ला, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रभा पांडेय, सीमा गुप्ता, दुर्गेश राय, नीतीश यादव, राधेश्याम पांडेय, अनिल प्रताप राव, रामायण कुशवाहा, रूपम सिंह, विनोद गुप्ता, दिनेश गुप्ता समेत काफी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।