कोटेदार पर राशन बेचने का आरोप
ई-पास मशीन पर लगवाया अंगूठा, नहीं दिया राशन
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमगढ़। सेवरही के ग्राम पंचायत बहादुरपुर के ग्रामीणों ने गांव के कोटेदार पर सितंबर का राशन बेचने का आरोप लगाया है। इन लोगों ने एसडीएम तमकुहीराज को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत बहादुरपुर के पूर्व प्रधान संतोष गुप्ता सहित लखीचंद यादव, मीना देवी, श्रीराम प्रसाद, उर्मिला देवी सहित कई ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार ने सितंबर का राशन गेहूं, चावल, चीनी उठान किया, लेकिन ग्रामीणों में वितरित नहीं किया। जबकि गांव में घूमकर राशन वितरण के नाम पर ई-पास मशीन पर लोगों का अंगूठा लगवा लिया और राशन की पर्ची दे दी। कहा कि गोदाम पर तीन दिन बाद वितरण होगा। राशन आकर ले जाना, लेकिन गोदाम नहीं खुला। उसके घर जाने पर कई लोगों की पर्ची छीनकर फाड़ दिया। इस बारे में पांच दिन पूर्व एसडीएम तमकुहीराज को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक जांच नहीं हुई। एसडीएम एआर फारुकी का कहना है कि शिकायती पत्र मिला है। पूर्ति निरीक्षक को जांच करने के लिए कहा गया है।