फायरिंग में घायल छोटे चौहान। संवाद।
- फोटो : KUSHINAGAR
तिलक समारोह में तमंचा फायरिंग से अफरा-तफरी
- पुलिस के पहुंचने पर मनबढ़ हुए फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिलनगर। कस्बा में सोमवार की रात एक तिलक में चल रहे आर्केस्ट्रा के दौरान कुछ मनबढ़ मंच पर चढ़कर तमंचा से फायरिंग करने लगे। इससे मौके पर अफरा-तफरी का मच गई। मनबढ़ों को समझाने गए एक युवक को तमंचे के बट से सिर पर प्रहार कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही मनबढ़ फरार हो गए।
सोमवार की रात नगर पंचायत निवासी शंकर चौहान के बेटे का तिलक था। मेहमान नवाजी में उन्होंने आर्केस्ट्रा का प्रोग्राम रखा था। इस दौरान कुछ मनबढ़ युवक मंच पर चढ़कर तमंचा लहराकर फायरिंग करने लगे। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एक युवक मनबढ़ों को समझाने पहुंचा तो तमंचे के बट से सिर पर वारकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और मौजूद लोगों को उग्र होता देख मनबढ़ युवक वहां से भाग निकले, लेकिन उनका तमंचा मंच पर ही गिर गया। वहीं घायल युवक को लोगों ने फाजिलनगर सीएचसी भेजवाया। युवक ने उपचार के बाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। चौकी प्रभारी आलोक कुमार यादव ने बताया कि मौके से एक तमंचा बरामद किया गया है। पीड़ित ने तहरीर दी है। इस आधार पर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।