सेवरही। थानाक्षेत्र के बिन टोलिया गांव के खलवा टोले में रविवार की रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। युवक के परिवार के लोग घर छोड़कर भाग गए हैं। बिहार के गोपालगंज जिले अंतर्गत भोरे थानाक्षेत्र के भिस्वा गांव निवासी दरवन का विवाह दो वर्ष पहले सेवरही थानाक्षेत्र के खलवा टोले में हुआ था।
बताया जा रहा है कि युवक चार महीने से ससुराल में ही रहता था। कभी-कभी वह सेवरही में पल्लेदारी का काम करता था। कहा जा रहा है कि पत्नी की विदाई को लेकर रविवार की सुबह ससुराल के लोगों से कुछ कहासुनी हुई थी। उसे पासी हट्टा मोहल्ले में कुछ लोगों ने सड़क पर कराहते हुए भी देखा था। रात में ससुराल के लोग उसे ठेले पर लादकर घर ले गए थे। रात में ही युवक की मौत हो गई।
सोमवार की सुबह पुलिस के आने की सूचना पर ससुराल के लोग घर छोड़कर चले गए। इस संबंध में सेवरही के एसओ भीम यादव का कहना था कि प्रथम दृष्टया मामला प्वाइजनिंग का लग रहा है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।