पडरौना। शहर से सटे कटनवार रोड पर एक मकान में मिले मां-बेटे के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। दरअसल रिपोर्ट में मौत की वजह पहले जहर देने और फिर गला दबाने से हुई बताई गई है। ससुराल या मायके पक्ष ने कोई संदेह नहीं जताया है। ऐसे में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की है।
सोमवार की आधी रात के बाद पडरौना कोतवाली पुलिस को कटनवार रोड पर रहने वाले बिहार प्रांत कि गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के अमवा विजयपुर निवासी जाकिर ने पत्नी खुश्बू खातुन उर्फ सोनी और बेटे चांद के मौत की सूचना पुलिस को दी। सुबह इसकी जानकारी होने पर शहर में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया मामला जहर खाकर जान देने का लग रहा था लेकिन परिस्थितियां हत्या की तरफ इशारा कर रही थीं। पुलिस ने मां-बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बुधवार को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कोतवाली पुलिस की मुश्किलें और बढ़ा दीं। कोतवाल विजयराज सिंह के अनुसार रिपोर्ट के अनुसार पहले इन्हें जहर दिया गया होगा और उसके बाद गला भी दबाया गया होगा। इससे मतलब यह निकाला जा रहा है कि किसी ने मां-बेटे की हत्या की होगी। परंतु हत्यारा कौन हो सकता है, इसका जवाब इतनी आसानी से मिलता नजर नहीं आ रहा है।
वजह यह कि मृतका के सुसराल पक्ष या मायके पक्ष की तरफ से अभी तक कोई सामने नहीं आया है। पति ने भी पुलिस को केवल मौत की सूचना दी थी, हत्या या कोई अन्य वजह उसने भी नहीं बताई। इसलिए पुलिस इस घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की छानबीन कर रही है। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।