खड्डा। बुधवार को विद्यालय से घर लौट रहीं छात्राओं के साथ चार शोहदों ने सरेराह छेड़खानी की। हद तो यह हो गई कि शोहदों ने एक छात्रा का दुपट्टा खींच लिया और बीच-बचाव में गए एक युवक को भी पीट दिया। घटना खड्डा कस्बे की है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, तब तक शोहदे वहां से भाग चुके थे। छानबीन के बाद पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में ले लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खड्डा कस्बे के एक इंटरमीडिएट कॉलेज की तीन छात्राएं बुधवार को दिन के लगभग डेढ़ बजे विद्यालय से घर जा रही थीं। विद्यालय से ही उनके पीछे पड़े दो शोहदों ने खड्डा कस्बे के सुुभाष चौक और ब्लॉक के बीच छात्राओं का रास्ता रोक लिया और उन पर अश्लील फब्तियां कसने लगे। एक छात्रा ने उनका विरोध किया तो शोहदों में से एक ने उसका दुपट्टा खींच लिया। अन्य दो छात्राओं के विरोध करने पर शोहदों ने अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया और उनसे सरेराह छेड़छाड़ करने लगे। इन छात्राओं को घिरा देखकर इनके गांव के एक अन्य युवक ने वहां पहुंचकर बीच बचाव करना चाहा तो आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। यह सब देख रहा एक अन्य युवक शोहदों से भिड़ गया। जब वहां आस-पास के लोग जुटने लगे तो शोहदे वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छात्राओं से पूछताछ की और चारों आरोपियों को खोजकर थाने ले आई। आरोपियों में एक हिंदूवादी संगठन से भी जुड़ा बताया जा रहा है। खड्डा कस्बे में शोहदों के दुस्साहस से छात्राओं का राह चलना दूभर हो गया है। इस संबंध में खड्डा थाने के एसओ श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में चार युवकों को पकड़ा गया है। मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
किशोरी से छेड़छाड़, पीटा
पिपरा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र की एक किशोरी अपने गांव के ही एक युवक पर दो महीने से परेशान करने और मंगलवार की शाम घर में घुसकर छेड़खानी करने का आरोप लगाई है। यह भी शिकायत है कि विरोध करने पर युवक ने उसकी पिटाई कर दी। उसने आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
इस सत्रह वर्षीय किशोरी की तरफ से तहरीर में बताया गया है कि निहायत गरीब परिवार की है। मजदूरी से ही उसके परिवार का गुजर-बसर होता है। गांव का एक युवक दो महीने से उसे परेशान कर रहा है। मंगलवार की शाम किशोरी के माता-पिता घर पर नहीं थे। इसी दौरान युवक घर में आ गया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा। किशोरी ने विरोध किया तो युवक ने उसकी पिटाई कर दी। उसके शोर मचाने पर थोड़ी देर में माता-पिता भी पहुंच गए, लेकिन घर के बाहर पहले से मौजूद आरोपी युवक के अन्य दो साथियों ने उन्हें पकड़ लिया। युवक ने साथियों से मिलकर उसकी पिटाई की और फिर खामोश रहने की धमकी देते हुए चले गए। इस संबंध में एसओ शैलेष सिंह का कहना था कि तहरीर मिली है। कार्रवाई की जाएगी।