आग को बुझाते दमकलकर्मी और लोग।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। शहर के सेंट्रल बैंक रोड के बगल में गांधीनगर मोहल्ले में स्थित एक व्यवसायी के घर में शुक्रवार की शाम भीषण आग लग गई। आग लगने की वजह तेज धमाके के साथ एसी का कंप्रेशर फटना बताया जा रहा है। संयोग था कि उस समय व्यवसायी के परिवार का कोई सदस्य घर में नहीं था।
हालांकि भीषण आगलगी में व्यवसायी की दो मंजिली इमारत को काफी क्षति पहुंची है। घर का ऊपर हिस्सा ध्वस्त हो गया है। तंग गली में स्थित इस घर में आग लगने के कारण आस-पास के घरों में भी अफरा तफरी मच गई। आग बुझाने के लिए अग्निशमन दस्ता और पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सवा दो घंटे के अथक प्रयास के बाद रात करीब सवा आठ बजे आग बुझाई जा सकी।
इस मोहल्ले के निवासी सुरेश अग्रवाल सौंदर्य प्रसाधन के थोक विक्रेता हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को परिवार के लोग शहर की महावीरी गली स्थित अपने प्रतिष्ठान पर थे, तभी उनके घर में भीषण आग लगने का शोर मचा। एक-एक कर तीन धमाके होने के कारण पड़ोस के लोग ही नहीं, उस मोहल्ले में निवास करने वाले सभी लोगों में दहशत फैल गई।
धमाके के बीच भगदड़ मचने के कारण अपने बचाव में भागते समय कई लोग नालियों में गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलते ही अग्निशमन दस्ता और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस गली में अग्निशमन दस्ता का वाहन न जा पाने के कारण गली के दोनों तरफ सेंट्रल बैंक रोड और शनिदेव मंदिर गली के सामने तथा एक अन्य अग्निशमन वाहन लगाकर आग बुझाने का प्रयास किया गया।
आग बुझाने के लिए नगरपालिका प्रशासन की ओर से पानी का टैंकर भी भेजा गया। उसके बाद भी पानी घट जाने पर आस-पास के लोगों ने अपने घरों में मोटर चलाकर पाइप से पानी का इंतजाम किया। सवा दो घंटे के अथक प्रयास के बाद आग बुझाई जा सकी।