कैशियर के साथ मारपीट, मुकदमा दर्ज
यूपी बड़ौदा बैंक के कैशियर की तहरीर पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। थानाक्षेत्र के यूपी बड़ौदा बैंक की शाखा बरवा रतनपुर में खातेदार व बैंक कैशियर में विवाद हो गया। कैशियर ने गांव के युवक पर मारने-पीटने और कैश की चॉबी छीनने की तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरवा रतनपुर ग्राम स्थित यूपी बड़ौदा बैंक के कैशियर अविनाश ने उच्चाधिकारियों व पुलिस को दिए शिकायती पत्र दिया। पत्र में बताया है कि मंगलवार को एक व्यक्ति थर्ड पार्टी भुगतान के लिए पहुंचा। नियम का हवाला देते हुए भुगतान करने से मना कर दिया। इस पर आरोपी भड़क गया और धमकी देते हुए चला गया। कुछ देर बाद गांव के कई लोगों के साथ बैंक पहुंचा और उन्हें बाहर खींचकर पीटने लगा। सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। उन्होंने बुधवार को थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। खड्डा थाने के एसओ रामकृष्ण यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर विशाल राव निवासी बरवा रतनपुर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।