सूने घर में घुसकर नकदी, जेवर चोरी
पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। वार्ड नंबर-11 स्वामी विवेकानंद नगर (बनवारी टोला) स्थित एक सूने घर में घुसकर चोरों ने नकदी और जेवर समेत लाखों का सामान चुरा लिया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
थानाक्षेत्र के गांव बटेसरा निवासी सत्येंद्र पाल चौरसिया कसया-देवरिया मार्ग स्थित बनवारी टोले के पास घर बनाकर रहते हैं। बनवारी टोला चौराहे पर चाय की दुकान भी संचालित करते हैं। बीते रविवार को रक्षाबंधन पर महिलाएं भाइयों को राखी बांधने चली गई थीं और पुरुष दुकान पर थे। इसी बीच चोर घर में सीढ़ी के रास्ते चढ़कर घर में घुस गए। दो कमरों में बॉक्स के ताले तोड़कर नकदी और आभूषण चुरा ले गए। इसकी जानकारी परिजनों को देर रात घर के दो कमरों में अस्त-व्यस्त पड़े सामानों को देखने के बाद हुई। घटना की सूचना पर एसएचओ अखिलेश कुमार सिंह मयफोर्स पहुंचकर छानबीन की। पीड़ित सत्येंद्र पाल चौरसिया ने पुलिस को तहरीर में नकदी और आभूषण समेत 10 लाख की चोरी होने की बात बताई है। एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।