डायरिया की चपेट में आए आठ लोग, गांव में फैली दहशत
जटहां बाजार (कुशीनगर)। विशुनपुरा क्षेत्र के रोंवारी गांव नरकटिया टोला में आठ लोग डायरिया से पीड़ित हैं। इनमें 55 वर्षीय विक्रम चौहान का इलाज जिला अस्पताल और पांच वर्षीय इसानी को रामकोला सीएचसी में भर्ती कराया गया। इस संबंध में गांव के लोगों द्वारा स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई है। उधरह, डायरिया के प्रकोप से गांव के लोग दहशत में हैं।
गांव के निवासी विक्रम चौहान को बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे उल्टी दस्त होने लगा। उनकी तबीयत बिगड़ने पर गांव के झोला छाप से इलाज कराए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ तो देर शाम परिजन जिला अस्पताल ले गए। वहां इलाज चल रहा है। शुक्रवार को उनका पुत्र रंजीत (22) भी डायरिया से पीड़ित हो गया। शुक्रवार सुबह गांव के इसानी (5) को भी उल्टी दस्त होने लगा। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे रामकोला पीएचसी ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। परिवार की मीना (30), सविता (27) को भी उल्टी दस्त की शिकायत है। गांव की उमरावती (55), गुड़िया (22) और सविता (22) भी डायरिया से पीड़ित हैं। 24 घंटे के भीतर डायरिया के मरीजों के बढ़ने से गांव के लोगों में दहशत है। रविंदर कुशवाहा, सुरेंद्र कुशवाहा, राजदेव कुशवाहा, सचिन चौहान, राजू चौहान, महंथ यादव, रूदल चौहान आदि ने गांव में स्वास्थ्य टीम भेजकर उपचार कराने की मांग की है। इस संबंध में सीएचसी विशुनपुरा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रामदास कुशवाहा का कहना है कि इस गांव में डायरिया के मरीज बढ़ने की सूचना मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर समुचित इलाज कराया जाएगा।