निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 550 लोगों का हुआ उपचार
फाजिलनगर (कुशीनगर)। ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से रविवार को फाजिलनगर क्षेत्र के देवपोखर बाजार में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ। इसमें डॉ. पीएन राय डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ मौजूद रहे। दोपहर में बारिश के बावजूद विद्यालय परिसर लोगों से भरा रहा। वहीं, कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए शिविर में 550 लोगों ने स्वास्थ्य जांच के उपरांत मुफ्त उपचार की सुविधा हासिल की। इसके बाद उन्हें दवाएं भी दी गईं।
इस शिविर के आयोजक सृजन हॉस्पिटल पडरौना के प्रबंधक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पीएन राय ने इस शिविर का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई दूसरा धर्म नहीं है। लोगों के बीच रहकर उनकी सेवा से जो सुखद अनुभूति होती है, उसे शब्दों में बयां नहीं की जा सकती है। डॉ. अमृता राय सहित कई डॉक्टर अपनी टीम के साथ शिविर में शामिल हुए। सुबह दस बजे से शुरू हुए इस शिविर में डॉ. पीएन राय, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अमृता राय, डॉ. साहिबा, डॉ. दीपमाला सहित विभिन्न रोगों के डॉक्टरों ने आए मरीजों का चेकअप कर उनका उपचार किया। साथ ही कोविड महामारी सहित अन्य बीमारियों से बचाव के लिए अपने सुझाव दिए। दोपहर में बारिश शुरू हो जाने की वजह से कुछ देर के लिए स्वास्थ्य शिविर प्रभावित हुआ, लेकिन बारिश बंद होने के बाद पुन: शिविर प्रारंभ हो गया। शाम तक इस शिविर में 550 लोगों का उपचार कर दवा दी गई।
इस शिविर में भाजपा के तुर्कपट्टी मंडल अध्यक्ष विद्याधर ओझा, ग्राम प्रधान रुद्र प्रताप सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष व छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री मनोज तिवारी, पूर्व प्रधान चंद्रकेतु सिंह, उपेंद्र सिंह, मुनेंद्र शर्मा, भोला सिंह, मनोज प्रजापति सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।
जांच और दवा के अलग-अलग लगे थे टेबल
स्वास्थ्य शिविर में डॉक्टरों के अलावा स्वास्थ्य टीम लोगों का ब्लड प्रेशर, बुखार, शुगर आदि की जांच कर रही थी। इसके अलावा एक अलग काउंटर दवा के लिए बनाया गया था जहां डॉक्टरों की तरफ से निशुल्क दवा दी जा रही थी। दवा पाकर लोग काफी संतुष्ट दिखे। इस दौरान स्वास्थ्य टीम की रूबी खातून, नीतू सिंह, पंकज सिंह, संदीप राय, छोटेलाल, अकबर साह आदि मौजूद थे।
दवा पाकर बोले लोग, हमेशा लगना चाहिए ऐसा शिविर
सोंदिया गांव से आयीं वंदना शर्मा ने कहा कि इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बड़े ही सलीके से डॉक्टर ने बात की। परेशानी पूछी और दवा लिखकर दिया।
देवपोखर निवासी अनु सिंह ने कहा कि शिविर को लेकर मन में सवाल था कि निशुल्क दवा मिलेगी या रुपये लगेंगे। लेकिन इस शिविर में सुझाव और दवा मुफ्त मिली।
देवपोखर की विनीता दुबे ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन का यह प्रयास सराहनीय है। ऐसे शिविर अगर आयोजित हों तो लोगों को अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा।
देवपोखर की रहने वाली सरिता देवी ने कहा कि इस शिविर में डॉक्टर का सुझाव और दवा मुफ्त में मिली। अस्पताल दूर है, इसलिए इलाज के लिए शिविर में आना अच्छा लगा।