तरयासुजान थाने के मुंशी को गोली मारने की चर्चा, सीएचसी से रेफर
तमकुहीराज/सेवरही (कुशीनगर)। तरयासुजान थाने का मुंशी और एक सिपाही रात करीब नौ बजे सलेमगढ़ टोल प्लाजा के निकट बाइक से भोजन करने आ रहे थे। चर्चा है कि इसी दौरान किसी ने मुंशी को गोली मार दी, जोकि उसकी बाईं बांह में लगी है। जबकि सिपाही बच गया। बताया जा रहा कि मुंशी को तमकुहीराज सीएचसी लाया गया और कुछ देर में रेफर कर दिया गया। एएसपी ने बताया कि डॉक्टर की रिपोर्ट में गोली लगना संदेहास्पद बताया गया है। वहीं, दोनों पुलिसकर्मी इस बारे में कुछ नहीं बता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार तरयासुजान थाने के मुंशी रविशंकर तिवारी (25) और सिपाही सत्यम राय (27) रविवार रात बिना वर्दी में बाइक से सलेमगढ़ टोल प्लाजा के निकट किसी ढाबे पर भोजन करने आ रहे थे। बाइक से दोनों पेट्रोलपंप और टोल प्लाजा के बीच रात के करीब नौ बजे पहुंचे ही थे कि पीछे से बाइक से आए दो बदमाशों ने गोली चला दी। गोली सत्यम के बाएं कंधे को छीलती निकल गई। गोली चलने की आवाज पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी रविशंकर को तमकुहीराज सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि काफी देर बाद भी वह जिला अस्पताल नहीं पहुंचे। घटना के बारे में कई तरह की चर्चा है। यह भी चर्चा है कि मुंशी की पट्टी कराकर ही सीएचसी लाया गया था और केवल रेफरल रिपोर्ट बनवाई गई। उधर, पुलिसकर्मियों ने घटना के बाद टोल प्लाजा पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला है।
डॉक्टर की रिपोर्ट देखी है। उसमें अननोन इंजरी लिखा गया है। यदि गोली लगी होती तो फायर इंजरी लिखा जाता। मुंशी और सिपाही घटना के बारे में कुछ नहीं बता रहे हैं। इस बारे में पता लगाया जा रहा है।
- अयोध्या प्रसाद सिंह, एएसपी