आपदा विशेषज्ञ सहित 47 लोग कोरोना संक्रमित
एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 159 हुई
कुशीनगर। कोरोना संक्रमितों की संख्या में बुधवार को जबरदस्त इजाफा हुआ। कलेक्ट्रेट में कार्यरत आपदा विशेषज्ञ और सीएमओ कार्यालय के एपीडेमोलॉजिस्ट सहित 47 लोग संक्रमित मिले हैं। यह तीसरी लहर में अब तक की सर्वाधिक संख्या है। इनमें सर्वाधिक 12 लोग पडरौना क्षेत्र के हैं। अब जिले में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 159 हो गई है।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि शाम तक 2712 लोगों के नमूने आरटीपीसीआर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। 1912 नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 1865 निगेटिव और 47 पॉजिटिव केस हैं। संक्रमितों में विशुनपुरा क्षेत्र से चार, तमकुही से पांच, सुकरौली से दो, पडरौना से 12, खड्डा से दो, कसया से छह, हाटा से छह, फाजिलनगर से एक और अन्य क्षेत्रों से नौ लोग हैं। संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रहने और कोविड गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ ने बताया कि संक्रमण शुरू होने से लेकर अब तक 11 लाख 14 हजार 396 लोगों की कोरोना जांच कराई गई है। इसमें 15845 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें 227 मरीजों की मौत हो चुकी है तथा 15457 मरीज ठीक हुए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण दर 1.42 प्रतिशत और ठीक होने वालों की दर 97.72 प्रतिशत है। सीएमओ ने कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जनपद के लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।