बाइकसवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर नकदी, मोबाइल लूटा
बेनीराम कटरा पुलिस चौकी के समीप हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवादा। सरायअकिल कोतवाली की बेनीराम कटरा पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की पिटाई कर नकदी व मोबाइल लूट लिया। युवक बाइक में पेट्रोल भराकर घर लौट रहा था। युवक ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस घटना की तहरीर लेकर मामले की छानबीन में जुट गई है।
करारी कोतवाली के रक्सवारा गांव निवासी राज कुशवाहा ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे वह अपने रिश्तेदार को लेने के लिए बाइक से निकला था। सरायअकिल गया था। रात करीब नौ बजे वह वापस लौट रहा था। बेनीराम कटरा चौकी से आगे पेट्रोल पंप पर तेल भराने के बाद जैसे ही वह कुछ दूर बढ़ा था तभी पीछे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके उसे रोक लिया। राज जब तक कुछ समझ पाता तब तक एक बदमाश ने बाइक की चाबी निकाल ली और तमंचा सटा दिया। इसके बाद बदमाशों ने उसे सड़क से खेत में ले जाकर मारपीट की और और जेब से दो हजार रुपये व स्मार्टफोन लेकर भाग निकले। राज के मुताबिक उसने घटना की जानकारी रात को ही पुलिस को दी। आरोप है कि चौकी पर मौजूद सिपाहियों ने शुक्रवार सुबह तहरीर देने की बात कहकर वापस कर दिया। शुक्रवार को वह फिर तहरीर लेकर चौकी पहुंचा तो उसे कोतवाली जाने की सलाह दी गई है। थाने में पुलिस ने तहरीर तो ले ली लेकिन केस नहीं दर्ज किया। इस बाबत इंस्पेक्टर अनुपम शर्मा का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। हो सकता है पीड़ित ने मामले की शिकायत चौकी पर किया हो। बिना संज्ञान के वारदात के बाबत वह कुछ नहीं कह सकते।