कस्बे में टांडा मोड़ के समीप बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे बेकाबू ट्राला ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। पहिये के नीचे आने से नव विवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पति जख्मी हो गए। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन चालक को पुलिस ने ट्राला समेत पकड़ लिया है।
कानपुर जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र के मानसिंह के बेटे अशोक की शादी प्रयागराज शहर के धूमनगंज कोतवाली के शाहपुर पीपल गांव में रहने वाली दीपमाला (22) पुत्री राजेश खन्ना के साथ इसी साल 17 फरवरी को हुई थी। बुधवार को अशोक अपनी पत्नी को लेकर ससुराल पीपल गांव जा रहा था।
रास्ते में सैनी कोतवाली के अजुहा कस्बे के समीप नेशनल हाईवे पर टांडा मोड़ के पास रात साढ़े आठ बेकाबू ट्राला ने बाइक सवार नव दंपती को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दीपमाला बाइक से गिरकर ट्राला के पहिये के नीचे आ गईं। वहीं, पति छिटककर दूर जा गिरा। दीपमाला को कुचलते हुए चालक ट्राला समेत भागने लगा।
आसपास के लोगों की मदद से अजुहा चौकी पुलिस ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। जख्मी अशोक को स्थानीय निजी क्लीनिक में उपचार कराने के साथ ही पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी की मौत से युवक की रो-रोकर हालत खराब है।