कोतवाली के मनियरवा नाले के पास सोमवार रात ट्रक की टक्कर से अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। हादसे में ट्राली पर बैठे एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से जख्मी है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कड़ाधाम कोतवाली के निजाम का पूरा निवासी शंकर लाल (50) मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। सोमवार को वह शाहनवाज के ट्रैक्टर ट्राली पर पलटू पटेल के साथ लकड़ी लाने गया था। ट्रैक्टर ट्राली में लकड़ी लोडकर वह लोग लौट रहे थे। ट्रैक्टर जैसे ही मनियरवा नाले के पास पहुंचा तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
घटना में शंकर लाल, शाहनवाज व पलटू गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान शंकर लाल की मौत हो गई। शाहनवाज व पलटू की हालत गंभीर बनी हुई है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शंकर लाल के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
डंपर की टक्कर से बाइक सवार जख्मी
कड़ा। प्रयागराज के प्रीतम नगर निवासी उमेश कुशवाहा (35) सोमवार को एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने कड़ा आए थे। शाम को उमेश कड़ा के आकाश के साथ बाइक से टेढ़ीमोड़ गए। वापस लौटते वक्त देवीगंज की तरफ से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में दोनों लोगों को काफी चोटें आईं हैं। इलाज के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बैंक के सामने गश खाकर गिरी वृद्धा, मौत
सदर कोतवाली के तेरहरा गांव की कुंती देवी (65) मंगलवार दोपहर सयांरा खुर्द स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में विधवा पेंशन निकालने गईं थीं। पेंशन लेने के बाद जैसे ही कुंती बैंक के बाहर निकलीं अचानक गश खाकर गिर गईं। घटना देख स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पहुंची सैनी कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।