कलक्ट्रेट गेट के बाहर सपाईयों को रोकने के लिए गेट बंद करता सिपाही। संवाद
सपाइयों ने बृहस्पतिवार को गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन किया। इन पर बाबा साहेब को लेकर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही पद से इस्तीफा देने की मांग करते हुए तस्वीर को जूते दिखाए।
करारी मार्ग स्थित कार्यालय से सपाई सरकार व गृहमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंझनपुर चौराहा, डायट मैदान से होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। डायट मैदान में सीओ सिटी सत्येंद्र तिवारी समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने इन्हें रोका और साथ लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने सपाइयों को देखा तो गेट बंद कर लिया। इसके बाद एडीएम प्रबुद्ध सिंह मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लिया।
इस दौरान सपाई लगातार नारेबाजी करते रहे। एक सपाई ने तो जूता लेकर गृहमंत्री की तस्वीर पर चलाना शुरू कर दिया। जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव ने कहा कि जिस प्रकार की टिप्पणी गृहमंत्री अमित शाह ने की है, इसे लेकर उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए पद से इस्तीफा देना चाहिए।
जब तक इस प्रकरण पर वह माफी नहीं मांगते, सपाई विरोध करते रहेंगे। इस मौके पर युवजन सभा प्रदेश सचिव सुमित पांडेय, अरुण कुमार चौधरी, राजू सिंह, विक्रम सिंह, जेके यादव समेत तमाम सपाई मौजूद रहे।
कलक्ट्रेट गेट के बाहर सपाईयों को रोकने के लिए गेट बंद करता सिपाही। संवाद