दिवंगत सिपाही को श्रद्धांजलि देते एसपी बृजेश श्रीवास्तव।
- फोटो : अमर उजाला
दिवंगत सिपाही को पुलिसकर्मियों ने दी अंतिम विदाई, एसपी ने शव को दिया कंधा
संदीपनघाट कोतवाली के मूरतगंज चौकी में तैनात रहे दिवंगत सिपाही को पुलिसकर्मियों ने शोकाकुल माहौल में अंतिम विदाई दी। पुलिस लाइन में सलामी के बाद एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने शव को कंधा दिया। इसके बाद सरकारी वाहन से शव परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।
कानपुर नगर के रेऊना निवासी अनुराज सिंह (26) पुलिस विभाग में सिपाही थे। उनकी तैनाती संदीपनघाट कोतवाली के मूरतगंज पुलिस चौकी में थी। मंगलवार को वह साथी सिपाही रोहित तिवारी और सुनील यादव के साथ सफारी कार से संदीपनघाट कोतवाली जा रहे थे। बलिहावां मोड़ के पास सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से सफारी टकरा गई। हादसे में तीनों लोगों को गंभीर चोट आई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां अनुराज की मौत हो गई। सिपाही रोहित तिवारी को गंभीर हालत में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुनील यादव की हालत सामान्य है। बुधवार को पुलिस लाइन में दिवंगत सिपाही को साथी पुलिसकर्मियों ने अंतिम विदाई दी। खुद एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने शव को कंधा दिया। इस दौरान पुलिस लाइन का माहौल गमगीन रहा। इसके बाद परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर चले गए।
घर का इकलौता चिराग था अनुराज
सिपाही अनुराज के पिता की काफी पहले मौत हो गई थी। वह एक भाई और बहन थे। दादा चंद्रभान ने उनकी परवरिश की। बहन की शादी हो चुकी है जबकि अनुराज अविवाहित थे। हादसे की जानकारी के बाद परिवार के लोग पुलिस लाइन पहुंचे थे। वह कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थे।