सरायअकिल कोतवाली के घोषिया गांव में रविवार सुबह हाईटेंशन तार में सरिया के छू जाने से दो मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, तीन गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के लिए तीनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसा हर घर-नल जल योजना के तहत निर्माणाधीन पानी टंकी में काम करते समय हुआ। जान गंवाने वाले दोनों मजदूर बरेली जनपद के रहने वाले थे। हादसे की खबर परिजनों को दे दी गई है।
घोसिया गांव में हर घर जल नल योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण कार्यदायी संस्था बाबा कंस्ट्रक्शन की ओर से कराया जा रहा है। कासगंज निवासी ठेकेदार भूपेंद्र सिंह की देखरेख में छह मजदूर कम कर रहे थे। रविवार सुबह आठ बजे काम के दौरान लोहे की सरिया में बंधी टीन को ऊपर करते समय मजदूरों ने ध्यान नहीं दिया। नतीजतन ऊपर से गुजरी हाईटेंशन तार में सरिया टच हो गई। इससे काम कर रहे पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के संबंध में जानकारी मिली है। वह घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं। हादसा कैसे हुआ, फिलहाल इस बारे में कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। --मनीष चंद्र उपाध्याय, प्रोजेक्ट मैनेजर-जल शक्ति
घोषिया गांव में करंट की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत व तीन झुलस गए हैं। झुलसे मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। परिजनों को सूचना देने के साथ ही मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पीड़ित परिवारों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। - विनीत सिंह-इंस्पेक्टर, सरायअकिल