क्षेत्र की एक विवाहिता से मारपीट के मामले में कार्रवाई करवाने का झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों में एक कथित डॉक्टर भी शामिल है। दरिंदगी सफारी गाड़ी के भीतर की गई। पीड़िता ने वृहस्पतिवार को मामले की शिकायत एसपी से की है। एसपी ने घटना की जांच शुरू करा दी है।
करारी इलाके के एक गांव की महिला ने बताया कि पड़ोसी ने पुरानी रंजिश की वजह से उसे और उसकी सास को पीट दिया था। इसी मामले में आरोपी के खिलाफ इलाके के इब्राहिमपुर निवासी कथित डॉक्टर ने कार्रवाई करवाने का झांसा दिया।
पीड़िता के मुताबिक कथित डॉक्टर उसे कई बार अपनी सफारी गाड़ी से कचहरी मंझनपुर लेकर गया। वह दिनभर कचहरी में बैठाए रखने के बाद शाम को घर छोड़ देता था। आरोप है कि 16 दिसंबर को भी कथित डॉक्टर उसे सफारी गाड़ी से मंझनपुर कचहरी चलने की बात कहकर साथ लेकर गया। सफारी में दो अन्य युवक भी सवार थे।
आरोप है कि रास्ते में सूनसान स्थान पर गाड़ी रोककर सफारी के भीतर ही तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला को मंझनपुर क्षेत्र के ओसा गांव स्थित चपरी आम के पास छोड़कर भाग गए।
17 दिसंबर को पीड़िता ने मंझनपुर कोतवाली पहुंचकर नामजद तहरीर दी। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर बृहस्पतिवार को एसपी से शिकायत की। एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने मंझनपुर कोतवाल को जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।