पिपरी के तिल्हापुर मोड़ बाजार स्थित मधुवन काॅलोनी के पास बुधवार रात कार सवार बदमाशों ने सरेराह बाइक सवार वार्ड बॉय को तमंचे से गोली मार दी। गोली खोपड़ी के ऊपरी हिस्से को छूकर निकल गई। गोली से जख्मी वार्ड बॉय को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
चायल के आजाद नगर मोहल्ला निवासी रामचंद्र रैदास ने बाजार में ही बक्सा, आलमारी की दुकान खोल रखी है। रामचंद्र का बेटा सागर तिल्हापुर मोड़ स्थित निजी अस्पताल में वार्ड बॉय है। बुधवार रात साढ़े नौ बजे वह किसी काम से अस्पताल के पीछे स्थित मधुवन काॅलोनी जा रहा था।
सागर के मुताबिक तभी सामने से आ रहे कार सवारों से बाजार स्थित ओम ट्रेडर्स के समीप साइड देने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि बात बढ़ने पर कार सवार बदमाशों ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली सागर की खोपड़ी को छूते हुए निकल गई और वह लहूलुहान हो गया।
फायरिंग के बाद गोली चलने की आवाज सुनकर जुटे लोगों ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। सूचना के बाद आई पुलिस ने जख्मी वार्ड बॉय को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। खबर मिली तो घायल सागर के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
इंस्पेक्टर शिवचरन राम ने बताया कि जख्मी वार्ड बॉय की मां लालती देवी की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अस्पताल और दुकानों में लगे सीसीटीवी से फुटेज निकाली जा रही है। जल्द ही बदमाशों को चिह्नित कर गिरफ्तार जाएगा।
मधुवन काॅलोनी में नशेड़ियों का लगता जमावड़ा
चायल। तिल्हापुर मोड़ बाजार में मधुवन काॅलोनी में ही किनारे की तरफ शराब का ठेका है। काॅलोनी में ज्यादा आबादी नहीं बसी है। अधिकतर लोगों ने चहारदीवारी खड़ी कर अपना प्लाॅट छोड़ दिया है। इसीलिए शाम ढलते ही वहां नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। जो देर रात तक रहता है। काॅलोनी के पीछे ससुर खदेरी नदी है। गर्मियों में जुआरियों की फड़ भी सजती है। पुलिस की जांच में काॅलोनी के खाली पड़े कई प्लॉट में शराब और बीयर की कैन व देशी शराब की बोतलें इधर-उधर काफी मात्रा में पड़ी दिखी हैं।