करारी के गुलाम नूर का पुरवा में चोरी के बाद बिखरा समान-संवाद
करारी। गुलाम नूर का पुरवा गांव में बुधवार रात चोरों ने नौसेना कर्मी के सूने घर को निशाना बनाया। पड़ोसी की छत के रास्ते घर में घुसे चोर देशी-विदेशी मुद्रा व जेवरात समेत तकरीबन छह लाख रुपये कीमती सामान पार कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
गुलाम नूर का पूरा गांव के अरमान हुसैन मर्चेंट नेवी में नाविक हैं। दक्षिण अफ्रीका में उनके दो बड़े भाई सरफराज हुसैन शिक्षक व कामरान हुसैन एक कंपनी में मैनेजर हैं। माता-पिता पैतृक गांव में रहते हैं। अरमान मोहर्रम में शामिल होने के लिए अवकाश पर गांव आए हुए हैं।
बुधवार रात करीब नौ बजे वह घर में ताला बंद कर परिवार के साथ पड़ोसी गांव रहीमपुर मोलानी मजलिस में शामिल होने गए थे। आधी रात के करीब मजलिस से लौटे तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अरमान के मुताबिक अलमारी व संदूक में रखे सोने-चांदी के गहने, 50 हजार नकदी, 1250 यूएस डालर, 600 कतर का दिरहम, 40 हजार अफ्रीकी नोट समेत तकरीबन छह लाख रुपये कीमती सामान पार कर दिया गया।
उन्होंने तुरंत डायल 112 नंबर पर चोरी की सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पुलिस के साथ फील्ड यूनिट ने मौका-मुआयना किया। पीड़ित की तहरीर पर बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।
चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज
बारा। कौशाम्बी थाना क्षेत्र के तारा का पूरा गांव का शीतला प्रसाद निषाद किसानी करता है। सोमवार रात वह और उसके परिवार के सदस्य मकान के अगले हिस्से में सो रहे थे। आधी रात को घुसे चोर आलमारी-बक्सों का ताला तोड़कर 10 हजार नकदी समेत ढाई लाख रुपये कीमती गहना उठा ले गए। थानाध्यक्ष उर्मिला सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू करा दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। संवाद